चंपावत , फरवरी 28 -- उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले जनगणना कार्यक्रम के तहत मकान सूचीकरण की समय-सारिणी घोषित कर दी गई है। यह कार्यक्रम आगामी 25 अप्रैल से 24 मई के मध्य चरणबद्ध ढंग से संचालित किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्रों के अनुसार विवरण संकलित करेंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार इस बार जनसुविधा एवं तकनीकी नवाचार को प्राथमिकता देते हुए नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है। स्व-गणना की अवधि 10 अप्रैल से 24 अप्रैल तक निर्धारित की गई है, जो घर-घर सूचीकरण कार्य से पूर्व संचालित होगी।
इसके तहत इच्छुक नागरिक अधिकृत ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं अपनी पारिवारिक एवं आवासीय जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इससे न केवल प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं सटीक बनेगी बल्कि समय की भी बचत होगी और डेटा संकलन में तकनीकी दक्षता सुनिश्चित होगी।
केंद्र सरकार के केंद्रीय गृह मंत्रालय तथा भारत के महा पंजीयक कार्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप राज्य सरकार इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं।
जनगणना नियम, 1990 के अधीन संचालित इस अभियान को पारदर्शी एवं प्रभावी रूप से सम्पन्न कराने हेतु शासन ने आमजन से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करायें और इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित