चमोली/देहरादून , अप्रैल 07 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को लेकर चमोली जिला प्रशासन की ओर से युद्ध स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
जिलाधिकारी (डीएम) गौरव कुमार के निर्देश पर यात्रा मार्ग पर सुचारू यातायात के साथ ही पेयजल, विद्युत, शौचालय, पार्किंग व अन्य यात्री सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। यात्रा मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों का जहां एनएचआईडीसीएल की ओर से सुधारीकरण किया जा रहा है। वहीं अन्य व्यवस्थाओं को संबंधित विभागों की ओर से चाक-चौबंद किया जा रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने स्पष्टीकरण दिया कि समाचार पत्रों में, जो भी पीपलकोटी से जोशीमठ के बीच शौचालय, पेयजल और पार्किंग की व्यवस्था न होने की बात लिखी जा रही है, वह पूरी तरह से निराधार है।
उन्होंने बताया कि बदीनाथ धाम की यात्रा के सुचारु संचालन के जनपद में कमेड़ा, नंदप्रयाग, भनेरपानी, पागलनाला, बेलाकूची सहित सभी भूस्खलन जोन पर क्षतिग्रस्त मार्ग सुधारीकरण कार्य किया जा रहा है। यहां एनएचआईडीसीएल की ओर से हाईवे के चौड़ीकरण के साथ ही हिल साइड भी सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार यात्रा से पूर्व सभी स्थानों पर मार्ग सुधारीकरण के कार्य पूर्ण कर दिए जायेंगे । इसके साथ ही प्रशासन की ओर से जनपद में बदरीनाथ हाईवे पर 48 स्थानों पर स्थाई व 16 स्थानों पर अस्थाई शौचालयों का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही नगर पालिका व पंचायतों की ओर से नगर क्षेत्रों में शौचालयों का निर्माण किया गया है। यात्रा मार्ग पर वाहनों की पार्किंग की समस्या को देखते हुए जहां गोपेश्वर, चमोली में जिला विकास प्राधिकरण की ओर से वाहनों की पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। वहीं जनपद में पूरे यात्रा मार्ग पर 30 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई हैं। इसके साथ ही यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर वैकल्पिक पार्किंग स्थलों का चयन किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित