देहरादून , मार्च 13 -- उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैण स्थित विधान भवन से प्रमुख सचिव खाद्य ने शुक्रवार को सभी जिलों के जिलाधिकारियों, जिला पूर्ति अधिकारियों और तीनों ऑयल कंपनियों के राज्य स्तरीय अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक बैठक की। बैठक में आइओसीएल, बीपीसीएल व एचपीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में घरेलू गैस का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में है।
ऑयल कंपनियों के अधिकारी सभी जनपदों के जिला पूर्ति अधिकारियों के साथ संपर्क में है। उन्होंने बताया कि वर्तमान स्थिति व सोशल मीडिया में प्रसारित भ्रामक सूचनाओं के कारण लोगों की ओर से पैनिक बुकिंग की जा रही है।
बैठक के दौरान बताया गया कि केवल आइओसीएल कंपनी में बीते तीन से चार दिनों में लगभग एक लाख बुकिंग की गई है लेकिन वास्तव में कंपनियों के पास घरेलू गैस का स्टॉक उपलब्ध है।
सभी जिलाधिकारियों ने कहा कि उनके जिलों में पर्याप्त स्टॉक है, और सभी जिलों में प्रवर्तन की कार्रवाई की जा रही है।
प्रमुख सचिव खाद्य ने बताया कि राज्य में विगत चार दिनों में जमाखोरी कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग को रोकने के लिए 460 निरीक्षण किए गए हैं तथा 78 स्थान में छापेमारी की गई है। जबकि आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत चार एफआईआर दर्ज की गई है और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
प्रमुख सचिव खाद्य ने सभी संबंधित अधिकारियों को गैस की स्थिति पर लगातार समीक्षा करने और जमाखोरी कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित