देहरादून , दिसंबर 28 -- उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने रविवार को देहरादून स्थित पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस संगठन का 140 वां स्थापना दिवस मनाया।

इस मौके पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ध्वजारोहण किया और कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम और राष्ट्रगान गया उसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे का मिष्ठान से मुंह मीठा करा कर कांग्रेस संगठन के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर श्री गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विश्व की सबसे पुरानी लोकतांत्रिक पार्टी है और आजादी के आंदोलन में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का सबसे अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश की आजादी में सबसे अग्रणी भूमिका निभाई थी।

भारत के स्वर्णिम इतिहास के पन्नों में 28 दिसंबर 1885 का दिन भारत की महान जनता के दिलो दिमाग पर अमिट स्मृति और आत्मविश्वास को जगाने वाला यादगार दिन है।

उन्होंने कहा कि जिनकी उम्मीद नाउम्मीदगी में बदलती नजर आ रही हो,ऐसे दबे ,कुचले,गरीबों और असहाय वर्गों के साथ कांग्रेस हमेशा खड़ी रही है। यही कांग्रेस पार्टी की मूल भावना रही है। जिन उद्देश्यों के लिए कांग्रेस की स्थापना हुई है, उसमें से एक बड़ा मकसद देश की आजादी का रहा। लेकिन आज उससे भी कठिन संकल्प लिए जाने की आवश्यकता है। सभी कांग्रेस जनों ने आज के दिन यह संकल्प लिया है कि जिस आजादी के लिए विभिन्न तबकों, जाति ,धर्म के लोगों ने अपनी कुर्बानी दी, और आजादी पाई। उसी आजादी को अक्षुण रखने और भारत के संविधान को मजबूत करने के लिए कांग्रेस जन पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे।

श्री गोदियाल का कहना है कि कांग्रेस का लक्ष्य एक ऐसे भारत का निर्माण करना है, जो विषमताओं और शोषण से मुक्त हो और जिनमें सभी नागरिक खुशहाली, भाईचारा और शांति के साथ समान रूप में रहे। उनका कहना है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी अपने इस ऐतिहासिक लक्ष्य को भी पूरा करके रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित