रामनगर,21नवंबर(वार्ता) उत्तराखंड राज्य में कर्मचारियों की हड़ताल पर छह महीने के प्रतिबंध के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है,प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारियों पर एस्मा लागू किए जाने के विरोध में शुक्रवार को रामनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत के नेतृत्व में भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।
इस दौरान कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया और सरकार के खिलाफ बड़े जन आंदोलन की चेतावनी दी,रामनगर में आयोजित विरोध कार्यक्रम में पूर्व विधायक व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत सिंह रावत ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया।उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की लगातार हत्या कर रही है।
कर्मचारियों की मांगें उठाने वालों पर एस्मा लगाकर सरकार ने तानाशाही रवैया दिखाया है,यह पूरी तरह लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगले दिनों में सरकार के इस फैसले के खिलाफ प्रदेशव्यापी जन आंदोलन शुरू करेगी।उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारी अपनी समस्याओं, समय पर प्रमोशन, वेतन और सेवा संबंधी मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे थे, ऐसे समय में सरकार का एस्मा लागू करना उनके अधिकारों को दबाने का प्रयास है।हालांकि कांग्रेस का कहना है कि सरकार ने कर्मचारियों की समस्याएँ सुनने के बजाय डराने का रास्ता चुना है।
रणजीत सिंह रावत ने कहा कि यदि सरकार ने इस काले कानून को वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस सड़क से लेकर विधानसभा तक बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।कांग्रेस ने एस्मा को तुरंत निरस्त करने की मांग की और कहा कि लोकतंत्र में विरोध जताना कर्मचारियों का अधिकार है। पुतला दहन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी भी की।कर्मचारियों पर एस्मा लागू होने के बाद अब राज्य में कोई भी सरकारी कर्मचारी अगले छह महीनों तक हड़ताल नहीं कर सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित