देहरादून , जनवरी 13 -- उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) ने वर्ष 2025 के दौरान राज्य में घटित विभिन्न आपदाओं से हुए नुकसान के आकलन के लिए तैयार पोस्ट डिजास्टर नीड एसेसमेंट (पीडीएनए) रिपोर्ट राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए), भारत सरकार को प्रेषित कर दी है।
रिपोर्ट में आपदाओं के कारण सामाजिक, अवसंरचना, उत्पादक एवं क्रॉस-कटिंग क्षेत्रों में हुए नुकसान, क्षति, पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण आवश्यकताओं का विस्तृत एवं क्षेत्रवार आकलन प्रस्तुत किया गया है। देश में उत्तराखंड अकेला ऐसा राज्य है जहां पहली बार पूरे प्रदेश का पीडीएनए तैयार किया गया है।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव, विनोद कुमार सुमन ने मंगलवार को कहा कि रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में कुल 15,103.52 करोड़ रुपये का समग्र आर्थिक प्रभाव आंका गया है। इसमें 3,792.38 करोड़ रुपये की प्रत्यक्ष क्षति, 312.19 करोड़ रुपये की हानि तथा 10,998.95 करोड़ रुपये की पुनर्वास, पुनर्निर्माण एवं बेहतर निर्माण की आवश्यकता सम्मिलित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित