उत्तरकाशी , अप्रैल 25 -- उत्तरकाशी जनपद के विद्यार्थियों ने उत्तराखंड बोर्ड की 10वीं की परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। इस वर्ष बोर्ड की वरीयता सूची (टॉप-10) में जिले के तीन होनहार विद्यार्थियों ने स्थान बनाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
बोर्ड द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार इशांत कोठारी ने 500 में से 490 अंक प्राप्त कर प्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं प्रांजल सिंह ने 484 अंकों के साथ पांचवां स्थान तथा रानी ने 483 अंकों के साथ छठा स्थान प्राप्त किया। तीनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने परिणामों पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने मेधावियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी इसी प्रकार सफलता अर्जित कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करते रहें।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए इसे अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायक बताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित