नैनीताल , फरवरी 20 -- उत्तराखंड बार काउंसिल के 23 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिये हुए मतदान के बाद शुक्रवार को मतों की गिनती शुरू हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य अतिथि गृह में चल रही मतगणना के पहले दिन अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, डीडीहाट के जिला व मुंसिफ न्यायालयों के बैलेट बाक्स खोले गए और इन स्थानों में अधिवक्ताओं द्वारा दिये गए प्रथम वरीयता मत गिने गए ।

मतगणना अहमदाबाद से बुलाये गए विशेषज्ञ भवान सेठ कॉलेज ऑफ साइंसेज के प्राचार्य प्रो.एच. एस. पटेल, प्रोफेसर (सेवानिवृत्त) बी पी ठक्कर आदि की देखरेख में की जा रही है और मुख्य चुनाव अधिकारी सेवानिवृत न्यायाधीश राम औतार भी मतगणना स्थल पर मौजूद हैं ।

मतगणना का सीधा प्रसारण सभागार के बाहर लाउंज में लगी बड़ी स्क्रीन में किया जा रहा है , जहां 23 सदस्यों के लिये चुनाव लड़ रहे 104 प्रत्याशी व उनके समर्थकों की भीड़ लगी है । मतगणना सायं पांच बजे तक जारी रही। अब आगे की मतगणना कल सुबह 10 बजे से शुरू होगी।

बार काउंसिल के प्रभारी सचिव विजय सिंह के अनुसार पहले चरण में सभी स्थानों के मतों के प्रथम वरीयता की गिनती होगी । जिसके बाद क्रमश: द्वितीय वरीयता, तृतीय वरीयता तथा चतुर्थ वरीयता आदि की गिनती होगी। मतगणना के कई दिन तक चलने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित