रामनगर , अप्रैल 10 -- उत्तराखंड में नैनीताल लीग के जिलाध्यक्ष कर्नल बी.एस. रौतेला ने उत्तराखंड पूर्व सैनिक लीग रामनगर का विस्तार करते हुए रामनगर (शहर और ग्रामीण क्षेत्र), मोहान, बैलपढ़ाव, मालधन और हेमपुर क्षेत्र के लिए सेना के जाने-माने सर्जन कर्नल (सर्जन) दिनेश बिष्ट को अध्यक्ष मनोनीत किया है।

यहां जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार उत्तराखंड पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष मेजर जनरल एम.एस. असवाल की संस्तुति पर सूबेदार मेजर नवीन चन्द्र पोखरियाल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, चीफ पैटी आफिसर (नेवी) ताजबर गुंसांई को उपाध्यक्ष और हवलदार भगवत सिंह चौहान को सचिव मनोनीत किया गया है। रामनगर क्षेत्र के सभी पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और सैनिक आश्रितों ने सभी मनोनीत पदाधिकारियों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं।

इस अवसर पर मनोनीत अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी टीम पूर्व सैनिकों के हितों की रक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूर्व सैनिकों द्वारा निःस्वार्थ सेवा कार्यों को समाज के सम्मुख समय-समय पर लाने का प्रयास करेगी, ताकि पूर्व सैनिकों की निःस्वार्थ भाव की सेवा से प्रेरणा लेकर क्षेत्र के सभी युवाओं और जनता में राष्ट्रभक्ति, देश और समाज के लिए जागरुकता का भाव जागृत किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित