देहरादून , अक्टूबर 28 -- उत्तराखंड की 25वीं वर्षगांठ (रजत जयंती) पर राज्य का संस्कृति विभाग एक नवंबर से लेकर नौ नवंबर तक हिमालय कला संगीत एवं संस्कृति उत्सव मनायेगा जिसका आयोजन देहरादून के हिमालय संस्कृति केंद्र में किया जाएगा।
उत्तराखंड संस्कृति विभाग के सचिव युगल किशोर पंत ने मंगलवार को यहां सुभाष रोड स्थित मीडिया सेंटर सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर नौ दिनों तक हिमालयी कला एवं संस्कृति पर आधारित निनाद उत्सव मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एक नवंबर से नौ नवंबर तक आयोजित होने जा रहे सांस्कृतिक उत्सव में हिमालयी राज्यों की संगीत, कला और संस्कृति का समावेश देखने को मिलेगा। गढ़ी कैंट नींबू वाला स्थित हिमालय सांस्कृतिक केंद्र में विभिन्न विषयों पर कार्यशालाएं,संवाद, नाट्य मंचन प्रस्तुत किए जाएंगे तथा विभिन्न हिमालयी प्रदेशों के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित