देहरादून , फरवरी 20 -- उत्तराखंड पुलिस ने शुक्रवार को प्रदेश के सभी अदालतों में तलाशी अभियान चलाया और हर व्यक्ति की जांच की।
गौरतलब है कि गत सोमवार से हर दिन अज्ञात व्यक्ति द्वारा उत्तराखंड के विभिन्न जनपद न्यायालयों के आधिकारिक ईमेल पर उनके परिसर में विस्फोटक पदार्थ होने सूचनाएं मिल रही है, जिसको लेकर पुलिस ने आज राज्य के सभी अदालत परिसर में व्यापक जांच और तलाशी अभियान चलाया।
केंद्रीय गृह मंत्रालय और राज्य के महानिदेशक पुलिस (डीजीपी) के निर्देशों पर सभी जनपद प्रभारियों द्वारा आज कोर्ट परिसरों में बहु-स्तरीय सुरक्षा प्रबंधों की भौतिक समीक्षा की गई तथा प्रवेश व्यवस्था, निगरानी तंत्र एवं तैनात सुरक्षा बलों की तत्परता का परीक्षण किया गया। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की सघन जांच की गई तथा परिसर की समग्र सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया। प्रभारियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकलन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रतिक्रिया तंत्र की प्रभावशीलता भी जांची।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित