देहरादून , जनवरी 19 -- उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के तहत विभिन्न मेडिकल कालेजों में फार्मासिस्ट के 73 पदों का अंतिम परीक्षा परिणाम घोषित करके कुल 64 योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया है।

उत्तराखंड के चिकित्सा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी है और उम्मीद जताई है कि फार्मासिस्ट की तैनाती से मेडिकल कालेजों में दवा प्रबंधन एवं वितरण में पारदर्शिता आयेगी साथ ही मरीजों को चिकित्सालय में दवाएं आसानी से मिल पाएंगी।

इन फार्मासिस्टों की तैनाती जल्द प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में की जाएगी।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने मेडिकल कालेजों व सम्बद्ध अस्पतालों में फार्मासिस्ट के खाली पदों को भरने का निर्णय लिया गया था।

जिसके बाद विभाग ने उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को फार्मासिस्ट के रिक्त 73 पदों को भरने का अधियाचन भेजा।

चयन बोर्ड ने अधियाचन की दिशा में फार्मासिस्ट के पदों को सीधी भर्ती के माध्यम से भरने के लिये 19 अक्टूबर 2024 को भर्ती विज्ञापन जारी किया। बोर्ड को प्राप्त अभ्यर्थियों के आवेदनों का चरणवार अभिलेख सत्यापन किया गया।

इसके बाद बोर्ड ने वर्षवार मैरिट के आधार पर 73 रिक्त पदों के सापेक्ष 64 योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर अंतिम परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। जबकि आठ पदों का परिणाम उच्च न्यायालय में दायर याचिका के चलते रोक दिया है।

इसके अलावा अनुसूचित जाति श्रेणी के अंतर्गत उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी या उनके आश्रितों के विज्ञापित एक पर पात्र अभ्यर्थी नहीं मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित