अमृतसर , अप्रैल 18 -- उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने शनिवार को सचखंड श्री दरबार साहिब में मत्था टेककर गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर श्री दरबार साहिब के सूचना केंद्र में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने राज्यपाल का स्वागत किया और उन्हें सिरोपा, श्री दरबार साहिब का स्वर्ण मॉडल तथा धार्मिक पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर श्री धामी ने कहा कि सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब पूरी मानवता के लिए आस्था का केंद्र है, जहां रोजाना देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मत्था टेकने आते हैं। उन्होंने कहा कि हर सिख अपनी उपलब्धियों पर गुरु साहिब का आभार व्यक्त करने के लिए इस पावन स्थल पर आता है। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड में स्थित सिख धर्म से जुड़े पवित्र स्थलों के संबंध में राज्यपाल गुरमीत सिंह के साथ विचार-विमर्श हुआ, जिस पर उन्होंने सकारात्मक रुख दिखाया।
इस दौरान राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि गुरु की कृपा से ही उन्हें इस पवित्र स्थान के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह वह दर है, जहां से पूरी मानवता को एकता का संदेश मिलता है। यहां आकर उन्हें नयी ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने गुरु के चरणों में उत्तराखंड और पूरे देश के लोगों की खुशहाली के लिए अरदास भी की।
इस अवसर पर एसजीपीसी के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नन, ओएसडी सतबीर सिंह, सचिव बलविंदर सिंह काहलवां, मीत सचिव हरभजन सिंह वक्ता, मैनेजर नरेंद्र सिंह मथरेवाल, सूचना अधिकारी अमृतपाल सिंहऔर अन्य अधिकारी मौजूद थे। राज्यपाल के साथ एडीसी अमित श्रीवास्तव, एआईजी जगजीत सिंह वालियाऔर एडीसीपी हरपाल सिंह भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित