नयी दिल्ली , नवंबर 12 -- कांग्रेस नेतृत्व उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस में बदलाव के बाद अब हिमाचल प्रदेश संगठन में फेरबदल कर सकता है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेता राहुल गांधी से प्रदेश कांग्रेस के कुछ नेताओं ने यहां अलग अलग मुलाकात की है। इन नेताओं को प्रदेश अध्यक्ष पद का दावेदार माना जा रहा है।
पार्टी संगठन सृजन अभियान के तहत विभिन्न राज्यों में संगठन में बदलाव कर रही है। इसी के तहत मंगलवार देर शाम उत्तराखंड में प्रदेश अध्यक्ष को बदला गया तथा कुछ अन्य नेताओं को अलग अलग जिम्मेदारी सौंपी गयी।
हिमाचल कांग्रेस के नेताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के सामने प्रदेश को लेकर अपना विजन रखा है और संगठन को रफ्तार देने की बात कही है। सूत्रों के मुताबिक बिहार विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद कभी भी हिमाचल प्रदेश के नये अध्यक्ष का ऐलान हो सकता है।
गौरतलब है कि नवंबर के पहले हफ्ते में विधायक कुलदीप सिंह राठौर, विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, विधायक आशीष बुटेल, विनोद सुल्तानपुरी और सुरेश कुमार से दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व से मुलाकात की थी।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और दो साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी सत्ता में वापसी के लिए संगठनात्मक बदलाव पर जोर दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित