देहरादून , अक्टूबर 12 -- उत्तराखंड शासन ने पांच जिला अधिकारियों (डीएम) सहित कुल 44 भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) अधिकारियों के स्थानांतरण किये गये हैं।
इन सभी प्रशासनिक अधिकारियों को रविवार को स्थानांतरण किया गया है। इस सूची में मात्र एक आईएफएस अधिकारी डाॅ. पराग मधुकर धकाते हैं, जो शासन में प्रतिनियुक्ति पर रहते हुए विशेष सचिव, मुख्यमंत्री, अल्पसंख्यक विभाग के साथ अब पंचायती राज विभाग का अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे। अन्य अधिकारियों में 22 आईएएस और 21 पीसीएस के स्थानांतरण किए गए हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नैनीताल जिलाधिकारी वंदना अब महानिदेशक, कृषि एवं उद्यान होंगी। उनके स्थान पर, अपर सचिव मुख्यमंत्री और स्टाफ ऑफिसर मुख्य सचिव ललित मोहन रयाल की नियुक्ति की गई है। अल्मोडा जिलाधिकारी आलोक कुमार पाण्डेय अब मुख्य कार्यकारी अधिकारी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, अपर सचिव सुराज एवं सूचना, विज्ञान प्रौद्योगिकी, महा निदेशक, हिल्ट्रान और निदेशक, आईटीडीए होंगे। जबकि हरिद्वार, रुड़की विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अंशुल सिंह अल्मोडा जिलाधिकारी होंगे।
चमोली के जिलाधिकारी डा. संदीप तिवारी अब निदेशक, समाज कल्याण हल्द्वानी जबकि उनके स्थान पर चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार होंगे। श्री कुमार अब तक अपर सचिव और निदेशक, शहरी विकास निदेशालय के पद पर कार्यरत हैं। उनका स्थान अब पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी विनोद गिरि गोस्वामी लेंगे। बागेश्वर के जिलाधिकारी आशीष कुमार भट्टराई अब पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी होंगे। वह अकेले ऐसे अधिकारी हैं, जिसे जिलाधिकारी पद पर एक जिले से दूसरे जिले में भेजा गया है। उनके स्थान पर हरिद्वार की मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा काउंडे को बागेश्वर का जिलाधिकारी बनाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित