देहरादून , दिसंबर 31 -- उत्तराखंड पुलिस के जवानों को नए साल पर पदोन्नति का लाभ मिलने के बाद राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

पुलिस मुख्यालय की तरफ से 229 मुख्य आरक्षियों को अपार उपनिरीक्षक के पद पर प्रोन्नत किया गया है, इनमें से 25 महिलाएं मुख्य आरक्षी भी शामिल है।

डीजीपी दीपम सेठ ने कहा है कि पुलिस विभाग के लिए 2025 एक रिकॉर्ड वर्ष साबित हुआ है। इस वर्ष विभाग में विभिन्न रैंकों और संवर्गों में कुल 1060 अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। यह कदम पुलिस बल की कार्य क्षमता बढ़ाने और कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि समय पर पदोन्नति मिलने से जवानों का मनोबल बढता है, और वो दोगुने उत्साह और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय आने वाले समय में भी पारदर्शी प्रक्रिया के तहत समय से पदोन्नति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित