चम्पावत , मार्च 12 -- भारत नेपाल सीमा पर आयोजित होने वाले सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेला के सुचारु संचालन के लिए उत्तराखंड के चंपावत जिला प्रशासन ने मेला सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर अधिकारियों की तैनाती कर दी है। इस संबंध में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आदेश जारी किए हैं।

प्रशासन ने गुरुवार को कहा कि मां पूर्णागिरि धाम में विगत 27 फरवरी से पूर्णागिरी मेला प्रारंभ हो गया है। यह आगामी 15 जून तक चलेगा। इस दौरान देश विदेश के लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन करेंगे। इस दौरान कानून-व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात, पेयजल, विद्युत और सुरक्षा जैसी व्यवस्थाओं के प्रभावी निगरानी के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

जारी रोस्टर के अनुसार, 12 मार्च से 31 मार्च तक तहसीलदार बाराकोट को मेला सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा सहायक अभियंता आनंद लाल (रा.रा.मा. खंड, लोहाघाट) को सेक्टर अधिकारी, 01 अप्रैल से 15 अप्रैल तक तहसीलदार पाटी सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा सहायक अभियंता संजीव भट्ट (प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग, चम्पावत) सेक्टर अधिकारी रहेंगे।

16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक तहसीलदार लोहाघाट को सेक्टर मजिस्ट्रेट और सहायक अभियंता हरीश बिष्ट (निर्माण खंड, लोनिवि, लोहाघाट) को सेक्टर अधिकारी बनाया गया है। 01 मई से 15 मई तक तहसीलदार चम्पावत सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा सहायक अभियंता नंदन सिंह सल्टा (लघु सिंचाई खंड, चम्पावत) सेक्टर अधिकारी रहेंगे।

16 मई से 31 मई तक तहसीलदार बाराकोट को सेक्टर मजिस्ट्रेट और सहायक अभियंता गणेश सिंह गेड़ा (नलकूप खंड, टनकपुर) को सेक्टर अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं 01 जून से 15 जून तक तहसीलदार पाटी सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा सहायक अभियंता मनोज तिवारी (सिंचाई खंड, लोहाघाट) सेक्टर अधिकारी के रूप में तैनात रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित