जमशेदपुर , फरवरी 06 -- मुहम्मद अरफान (चार विकेट) तथा आदित्य राव और मयंक (तीन-तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर उत्तराखंड ने रणजी ट्रॉफी के पहले क्वार्टरफाइनल के पहले दिन शुक्रवार को झारखंड की पहली पारी को 235 रनों के स्कोर पर समेट दिया।
आज यहां उत्तराखंड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाये। शिखर मोहन (चार) को मुहम्मद अरफरान ने आउट किया। शरणदीप सिंह (26), मनीषी (20), कुमार कुशाग्र (14) और रॉबिन मिन्ज (शून्य) पर आउट हुये। एक समय झारखंड ने 80 के स्कोर पर अपने पांच विकेट गंवा दिये थे। ऐसे संकट के समय कप्तान विराट सिंह और आदित्य सिंह की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी हुई।
64वें ओवर में आदित्य रावत ने विकट सिंह (47) को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद मयंक मिश्रा ने साहिल राज (12) और इशान ओम (चार) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। 85वें ओवर में मुहम्मद अरफान ने आदित्य सिंह को अपना शिकार बना लिया। आदित्य सिंह ने 167 गेंदों में 10 चौके और एक छक्का लगाते हुए 83 रनों की पारी खेली। 85वें ओवर में अरफान ने सौरभ शेखर (शून्य) को बोल्ड कर 235 के स्कोर पर झारखंड की पहली पारी का अंत कर दिया।
उत्तराखंड के लिए मुहम्मद अरफान ने चार विकेट लिये। आदित्य राव और मयंक को तीन-तीन विकेट मिले।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी उत्तराखंड ने दिन का खेल समाप्त होने के समय बिना किसी नुकसान के चार रन बना लिये है। अवनीश सुधा (नाबाद चार) और भूपेन लालवानी क्रीज पर थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित