देहरादून , फरवरी 19 -- उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और अधिकांश मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर बारिश होने से मौसम सर्द हो गया है।

आज सुबह से ही मौसम में सर्द का अहसास होने लगा। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब जैसे ऊंचाई पर स्थित विश्व प्रसिद्ध धर्म स्थलों पर बर्फबारी हुई। जबकि अधिकांश जिलों के निचले स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश रूक रूक कर हो रही है। इससे मौसम बेहद सर्द हो गया है। तापमान सामान्य से लगभग साढ़े तीन सेल्सियस नीचे पहुंच गया है।

मौसम विज्ञान विभाग की ओर से शुक्रवार को भी राज्य के सभी जनपदों के अधिकांश स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने का अनुमान लगाया गया है। साथ ही, तीन हजार मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना व्यक्त की है। जबकि शनिवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तीन हजार मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना व्यक्त की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित