उत्तरकाशी , अप्रैल 10 -- आगामी चारधाम यात्रा के लिए यमुनोत्री धाम में व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जय भारत सिंह ने शुक्रवार को यमुनोत्री पैदल मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
आगामी 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर श्री यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाने की योजना है।
निरीक्षण के दौरान यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। सीडीओ ने जानकीचट्टी से यमुनोत्री धाम तक के 6 किलोमीटर लंबे पैदल मार्ग का सघन निरीक्षण करते हुए पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, रेन शेल्टर और रेलिंग की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सुलभ इंटरनेशनल और जिला पंचायत को यात्रा मार्ग तथा शौचालयों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य परीक्षण केंद्रों और एसडीआरएफ केंद्रों को सक्रिय रखने तथा घोड़ा-खच्चरों के लिए चरी व प्याऊ की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
सीडीओ ने यात्रा मार्ग पर सूचना पटल और साइन बोर्डों को बड़े एवं सुसज्जित रूप में लगाने के निर्देश दिए ताकि यात्रियों को असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि निर्माण और व्यवस्थाओं से जुड़े सभी शेष कार्यों को कपाट खुलने से पूर्व हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित