उत्तरकाशी,31मार्च(वार्ता)उत्तराखंड में चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर मंगलवार को उत्तरकाशी जिला मुख्यालय में विभिन्न संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। गंगोत्री मंदिर समिति कार्यालय में आयोजित इस बैठक में श्री पंचमुखी गंगोत्री मंदिर समिति, होटल एसोसिएशन, व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन, बस यूनियन, संयुक्त संरक्षण समिति सहित पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों ने भाग लिया।

बैठक में सभी पदाधिकारियों ने एकमत से चारधाम यात्रा में लागू सीमित संख्या के नियम को पूर्णतः समाप्त करने की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रतिबंध से स्थानीय व्यापार और पर्यटन व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

इसके अलावा गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब स्थिति पर भी गहरी चिंता व्यक्त की गई। संगठनों ने सड़क के शीघ्र मरम्मत की मांग करते हुए सीमा सड़क संगठन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। बैठक में यह भी मांग की गई कि यात्रा मार्गों पर लगाए गए पुलिस बैरियर हटाए जाएं और यात्रियों को अनावश्यक रूप से न रोका जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित