उत्तरकाशी,20मार्च (वार्ता) उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने एक बार फिर सर्दी का अहसास करा दिया है। यह बताते हुए गंगोत्री नेशनल पार्क प्रभारी राजवीर रॉवत ने कहा कुछ दिन पहले जहां गर्मी की शुरुआत महसूस होने लगी थी, वहीं अब बारिश और बर्फबारी ने पूरे क्षेत्र का मौसम पलट दिया है।

निचले इलाकों में झमाझम बारिश का दौर जारी है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी देखने को मिल रही है। गंगोत्री धाम के शीतकालीन प्रवास मुखवा गांव, हर्षिल घाटी और आसपास के इलाकों में जोरदार हिमपात हुआ है।

बताया जा रहा है कि गंगोत्री क्षेत्र में करीब डेढ़ फीट से अधिक बर्फ गिर चुकी है, जबकि मुखवा और हर्षिल क्षेत्र में भी एक फीट से ज्यादा बर्फबारी दर्ज की गई है। बर्फबारी का सिलसिला अभी भी जारी है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और ठंड ने फिर से दस्तक दे दी है।

अचानक हुए इस मौसम परिवर्तन का असर जनजीवन पर भी देखने को मिल रहा है, लेकिन किसानों के लिए यह राहत भरी खबर है। बारिश और बर्फबारी को फसलों के लिए लाभकारी माना जा रहा है, जिससे उनकी उम्मीदें बढ़ गई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है, जिससे ठंड का असर फिलहाल बरकरार रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित