मुंबई , दिसंबर 23 -- घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को उतार-चढ़ाव देखा गया और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 42.64 अंक (0.05 प्रतिशत) गिरकर 85,524.84 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 4.75 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 26,117.15 अंक पर बंद हुआ।

मझौली कंपनियों का निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.05 प्रतिशत गिर गया। छोटी कंपनियों के स्मॉलकैप-100 में 0.37 प्रतिशत की तेजी रही।

आईटी और बैंकिंग सेक्टरों ने बाजार पर दबाव बनाया। मीडिया, धातु, एफएमसीजी और रसायन सेक्टरों में तेजी रही।

सेंसेक्स की कंपनियों में इंफोसिस का शेयर लगभग सवा प्रतिशत टूटा। भारती एयरटेल और अडानी पोर्ट्स में भी लगभग एक प्रतिशत की गिरावट रही। सनफार्मा, टेक महिंद्रा, इटरनल, एक्सिस बैंक, मारुति सुजुकी, ट्रेंट और टीसीएस के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।

आईटीसी और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर सवा प्रतिशत के आसपास चढ़े। टाटा स्टील में भी करीब एक फीसदी की तेजी रही। एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी, पावरग्रिड, कोटक महिंद्रा बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, हिंदुस्तान यूनीलिवर और बजाज फाइनेंस के शेयर बढ़त में रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित