उज्जैन , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश की प्राचीन नगरी उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत महाकालेश्वर मंदिर के समीप हरिफाटक ओवर ब्रिज के चौड़ीकरण कार्य का आज संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य की प्रगति का जायजा लिया और निर्देश दिए कि समयसीमा का पालन करते हुए गुणवत्ता के साथ कार्य तेजी से पूर्ण किया जाए। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि ब्रिज के नीचे स्थित शासकीय उर्दू प्राथमिक विद्यालय को समीप ही नए कक्ष बनाकर स्थानांतरित किया जाएगा।

हरिफाटक ब्रिज शहर का महत्वपूर्ण रेलवे ओवर ब्रिज है, जो इंदौर-उज्जैन मार्ग, गऊघाट, उज्जैन-आगर मार्ग तथा महाकाल मंदिर जाने वाले मार्गों को जोड़ता है। वर्तमान में यह दो लेन का है, जबकि यातायात दबाव बढ़ने के कारण इसका चौड़ीकरण आवश्यक हो गया है। परियोजना के तहत मुख्य ब्रिज को चार लेन में विकसित किया जाएगा, जिसकी लंबाई लगभग 980 मीटर होगी। इसके साथ ही सर्विस रोड और अतिरिक्त लेन का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे यातायात सुगम होगा।

संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु से पहले नाली निर्माण और पेयजल पाइपलाइन जोड़ने का कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाए, ताकि जलभराव की स्थिति न बने। इस दौरान कंठाल चौराहा से छतरी चौक, गोपाल मंदिर क्षेत्र और अन्य मार्ग चौड़ीकरण कार्यों का भी निरीक्षण कर संबंधित एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित