उज्जैन , मार्च 17 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डा मोहन यादव के औद्योगिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयास के तहत उज्जैन में स्वीडन की विश्वस्तरीय ऑटोमोबाइल कंपनी वॉल्वो ग्रुप और भारत की आयशर मोटर्स के संयुक्त उद्यम वीई कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड (वीईसीवी) जिले में एक और बड़ा औद्योगिक निवेश करने जा रही है।
इसके बाद उज्जैन में वॉल्वो के बस और ट्रक बनने लगेंगे।
आधिकारिक जानकारी में बताया कि कंपनी को यूनिट के विस्तार के लिए विक्रम उद्योगपुरी फेज-2 में भी 70 एकड़ जमीन आवंटित की गई है, जहां लगभग 580 करोड़ रुपए के निवेश से अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित की जाएगी। यह निवेश "मेक इन मध्यप्रदेश, मेक फॉर इंडिया" के विजन को मजबूत करते हुए उज्जैन को उभरते औद्योगिक शहर के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस नए प्लांट में गियर, एक्सल असेंबली, ट्रांसमिशन और अन्य ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स का निर्माण किया जाएगा। कंपनी का उद्देश्य अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाना और देश में तेजी से बढ़ रही कमर्शियल वाहनों की मांग को पूरा करना है। इस परियोजना से करीब 1000 लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही इस निवेश से उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में हजारों लोगों के लिए अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी बनेंगे। ऑटो पार्ट्स सप्लाई, ट्रांसपोर्ट, वेयरहाउसिंग, मशीन मेंटेनेंस, सुरक्षा और कैंटीन जैसी सहायक सेवाओं में स्थानीय युवाओं और छोटे उद्यमियों को काम मिलने की संभावना है।
इससे विक्रम उद्योगपुरी के आसपास छोटे-मध्यम उद्योगों की नई सप्लाई चेन विकसित हो सकेगी।
विशेषज्ञों के अनुसार देश में ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर के विस्तार के कारण कमर्शियल वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में वीईसीवी का यह निवेश न केवल उत्पादन क्षमता बढ़ाएगा बल्कि मध्यप्रदेश को कमर्शियल वाहन निर्माण के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी मदद करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित