उज्जैन , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में अंतरराष्ट्रीय मूर्ख दिवस 1 अप्रैल को आयोजित होने वाले 53वें अखिल भारतीय टेपा सम्मेलन में इस वर्ष कॉमेडियन एवं हास्य अभिनेता राकेश बेदी को टेपा सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

टेपा सम्मेलन के सचिव मनीष शर्मा ने बताया कि इस वर्ष का आयोजन "धुरंधर टेपा सम्मेलन" के रूप में किया जा रहा है, जिसमें राकेश बेदी मुख्य आकर्षण होंगे। कार्यक्रम में देशभर के हास्य-व्यंग्य कवि "कांव-कांव सम्मेलन" में अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रस्तुति देंगे।

उन्होंने बताया कि पंडित सूर्यनारायण व्यास स्मृति टेपा सम्मान कवि सुभाष काबरा (मुंबई), संदीपनी न्यास टेपा सम्मान कवि शंभू शिखर (मधुबनी, बिहार), रंगकर्मी भगवती शर्मा स्मृति टेपा सम्मान कवयित्री प्रिया खुशबू (कन्नौद), स्वर्गीय रणछोड़ सिंह आंजना स्मृति टेपा सम्मान एकेश पार्थ (जयपुर) तथा स्वर्गीय किशनलाल जायसवाल स्मृति टेपा सम्मान हास्य कवि लोकेश जड़िया (धार) को प्रदान किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त पत्रकारिता के क्षेत्र में मानसिंह बैंस स्मृति पत्रकारिता सम्मान नितिन चावड़ा, स्वर्गीय सत्यनारायण गोयल स्मृति सम्मान राहुल यादव, ज्ञान स्वरूप श्रीवास्तव स्मृति सम्मान भूपेंद्र भूतड़ा तथा स्वर्गीय कन्हैयालाल भूतड़ा स्मृति सम्मान राजेश पांचाल को दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित