धार , मार्च 13 -- मध्यप्रदेश में उज्जैन जिले के कृषि विभाग में पदस्थ एक कर्मचारी धार जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। वह कॉलेज में प्रैक्टिकल परीक्षा देने के लिए घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार लापता युवक की पहचान 20 वर्षीय कृष्णा चौहान के रूप में हुई है, जो गुजरी इमलीपुरा क्षेत्र का निवासी है। वह उज्जैन के कृषि विभाग में अनुकंपा नियुक्ति के तहत बाबू के पद पर कार्यरत है। बताया गया है कि कृष्णा चौहान धार जिले की मनावर तहसील में स्थित एक निजी कॉलेज में अध्ययन भी कर रहा था।
परिजनों के अनुसार कृष्णा 11 मार्च की रात उज्जैन से मनावर स्थित अपने घर आया था। इसके बाद गुरुवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे वह विद्योदय विद्यालय में आयोजित प्रैक्टिकल परीक्षा देने के लिए घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकला था। हालांकि इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा।
कृष्णा की बहन छाया चौहान ने बताया कि उनके पिता सीताराम चौहान के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी को देखते हुए कृष्णा को अनुकंपा नियुक्ति के आधार पर उज्जैन के कृषि विभाग में बाबू के पद पर नौकरी मिली थी। वह परिवार में सबसे छोटा है और सात भाई-बहनों में सबसे छोटा होने के कारण सभी का लाडला भी है।
परिजनों के अनुसार घर से निकलते समय कृष्णा अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़कर गया था, जिससे उससे संपर्क करना संभव नहीं हो पा रहा है। जब देर रात तक वह घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों को चिंता हुई और उन्होंने रिश्तेदारों तथा परिचितों के यहां उसकी तलाश शुरू की।
पिछले दो दिनों से परिजन उज्जैन, धार, खरगोन और आसपास के क्षेत्रों में अपने रिश्तेदारों और दोस्तों से संपर्क कर उसकी खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
इसके बाद शुक्रवार को परिजन मनावर थाने पहुंचे और कृष्णा चौहान की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ शुरू कर दी है और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और युवक का पता लगाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित