धार , फरवरी 15 -- मध्यप्रदेश के धार में उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर 'धारेश्वर लोक' का निर्माण किया जाएगा, जिस पर लगभग 10 करोड़ रुपये व्यय होने का अनुमान है। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विक्रम वर्मा तथा विधायक नीना वर्मा ने प्रथम चरण में तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सत्संग भवन निर्माण कार्य का वैदिक विधि-विधान से शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में जनप्रतिनिधियों ने भगवान धारनाथ की पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात भूमि पूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। श्री वर्मा ने प्रतीकात्मक रूप से गेती चलाकर एवं तगारी उठाकर कार्य का श्रीगणेश किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धारेश्वर लोक लगभग ढाई लाख वर्गफुट (करीब 5.92 एकड़) क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। परिसर का निर्माण जलाधारी के आकार में प्रस्तावित है। यहां सत्संग भवन के अतिरिक्त भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। साथ ही औषधीय उद्यान, योग गार्डन, पुजारियों एवं संतों के लिए आवासीय भवन तथा रसोईघर का निर्माण भी किया जाएगा।

धारेश्वर मंदिर को परमारकालीन राजा राजा भोज के समय का बताया जाता है। बाबा रामेश्वर को धार नगरी का आराध्य देव माना जाता है और वर्षभर यहां श्रद्धालुओं का आगमन होता है। सावन माह के अंतिम सोमवार को भगवान धारनाथ के नगर भ्रमण की परंपरा भी प्रचलित है।

जिला प्रशासन ने सत्संग भवन निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है, जबकि अन्य निर्माण कार्यों के लिए लगभग सात करोड़ रुपये की आवश्यकता होगी। इस संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को प्रस्ताव प्रेषित किया गया है। साथ ही सीएसआर मद एवं जनसहयोग से भी राशि जुटाने की योजना है।

श्री वर्मा ने कहा कि धारेश्वर लोक के निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा यह स्थल आध्यात्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित