सहारनपुर , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित जनमंच ऑडिटोरियम में शुक्रवार को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत जिले के 1,43,972 लाभार्थियों को 8 करोड़ 11 लाख 13 हजार 825 रुपये की सब्सिडी प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई। आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह सब्सिडी एक जनवरी से 27 फरवरी 2025 की अवधि में वितरित की गई है। कार्यक्रम में विधायक नगर राजीव गुंबर, विधायक रामपुर मनिहारान देवेंद्र निम, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी एवं मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने 400 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक एवं गैस सिलेंडर वितरित किए।

विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि सरकार गरीबों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और निःशुल्क राशन, आवास, आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का उपचार तथा उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस सिलेंडर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

विधायक देवेंद्र निम ने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निःशुल्क सिलेंडर रिफिल प्रदेशवासियों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का होली उपहार है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर के उपयोग से धुएं से होने वाली बीमारियों से बचाव संभव है और डीबीटी के माध्यम से सब्सिडी सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जा रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि उज्ज्वला लाभार्थियों को राज्य सरकार द्वारा 563.40 रुपये तथा भारत सरकार द्वारा 304.40 रुपये, कुल 868 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। जनपद में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के कुल 2,61,128 उज्ज्वला लाभार्थी हैं, जिनमें से 2,20,732 ने आधार प्रमाणीकरण करा लिया है। एक जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक 1,43,972 लाभार्थियों ने निःशुल्क सिलेंडर प्राप्त कर लिया है तथा शेष लाभार्थी मार्च 2026 तक योजना का लाभ ले सकेंगे।

उन्होंने अपील की कि जिन लाभार्थियों की ई-केवाईसी लंबित है, वे संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर प्रक्रिया पूर्ण करा लें, ताकि वे योजना के लाभ से वंचित न रहें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित