कांकेर , फरवरी 03 -- छत्तीसगढ़ में कांकेर पुलिस के 'उजियारा अभियान' ने जनवरी माह में अवैध नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है। जिले भर में चली सघन कार्रवाई के दौरान अवैध शराब और गांजा तस्करी से जुड़े कुल 72 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 610 लीटर से अधिक अवैध शराब एवं 5 किलोग्राम से ज्यादा गांजा जब्त किया गया।
कांकेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल ने मंगलवार को बताया कि नशे के कारण समाज में फैल रही अव्यवस्था और युवाओं के भविष्य पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को देखते हुए यह अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा- "हमारा उद्देश्य सिर्फ कानूनी कार्रवाई नहीं, बल्कि इस अवैध व्यवसाय की जड़ तक पहुंचकर उसे पूरी तरह समाप्त करना है। कांकेर अब नशा माफिया के लिए सुरक्षित ठिकाना नहीं रहा।"अभियान के तहत अवैध शराब के विरुद्ध 62 प्रकरण दर्ज कर 67 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और 610.070 लीटर शराब जब्त की गई। इसी तरह गांजा तस्करी के 5 मामलों में 5 आरोपियों को हिरासत में लेते हुए 5.128 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। यह कार्रवाई मुख्य रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों में नशे की आपूर्ति को रोकने के लक्ष्य से की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित