नयी दिल्ली , जनवरी 15 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उच्चतम न्यायालय द्वारा ममता बनर्जी सरकार द्वारा दर्ज किये गये एफआईआर पर रोक लगाने पर निशाना साधते हुये कहा कि यह पूरी तरह से साफ हो गया है कि पश्चिम बंगाल में जंगलराज अपने चरम पर है। यह आरोप भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पार्टी मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में लगाये।
श्री भाटिया ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुये कहा कि आज सुप्रीम कोर्ट से ममता बनर्जी को करारा झटका लगा है और यह फैसला इस बात का साफ सबूत है कि पश्चिम बंगाल में किस तरह का जंगलराज चल रहा है।
श्री भाटिया ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारी कानून के अनुसार अपना काम कर रहे थे, लेकिन इसके बावजूद ममता सरकार ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवायी थी। जिस पर सर्वोच्च न्यायालय ने उन सभी एफआईआर पर रोक लगा दी है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि ममता सरकार की कार्रवाई न केवल गलत थी, बल्कि संविधान और कानून की भावना के भी खिलाफ थी।
श्री भाटिया ने कहा कि जंगलराज वही होता है, जहां मुख्यमंत्री कानून लागू करने वाली एजेंसियों का साथ देने की बजाय खुद दौड़कर उनके पास जाती हैं, उन्हें धमकाती हैं, साक्ष्य मिटाने का प्रयास करती हैं और साक्ष्यों की चोरी तक कर लेती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में सत्ता का इस्तेमाल कानून को दबाने और जांच एजेंसियों को डराने के लिए किया जा रहा है।
श्री भाटिया ने कहा कि सुश्री ममता अफसरों को भी चैन से काम नहीं करने दे रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो पुलिस और अधिकारी बंगाल की जनता के हित में ईमानदारी से काम करना चाहते हैं, उन पर दबाव बनाया जाता है, धमकियां दी जाती हैं और गैरकानूनी काम करने के लिए मजबूर किया जाता है।
उन्होंने ने दावा किया कि ममता सरकार में अराजकता पूरी तरह हावी है। उन्होंने कहा कि ईडी जैसे केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज कराना इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार कानून से ऊपर खुद को समझने लगी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित