जैसलमेर , दिसम्बर 12 -- राजस्थान में देश की विख्यात स्वर्णनगरी जैसलमेर देश के न्यायिक इतिहास के एक महत्वपूर्ण आयोजन की मेजबानी करने जा रही है।

राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी द्वारा आयोजित जोधपुर वेस्ट ज़ोन-प्रथम क्षेत्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत सहित बड़ी संख्या में उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश शुक्रवार को विशेष विमान से जैसलमेर पहुंचे।

जैसलमेर नागरिक हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जहाँ जिला प्रशासन और न्यायपालिका के अधिकारियों की विशेष मौजूदगी रही। हवाई अड्डे पर न्यायमूर्ति सूर्यकांत को गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया। शनिवार से शुरू वेस्ट ज़ोन-प्रथम न्यायिक सम्मेलन शुरू हो रहा है। इसके लिए देशभर से 200 से अधिक न्यायाधीश, जैसलमेर पहुँच गए हैं यहां पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किये गए हैं।

शहर के मुख्य मार्गों, होटल रंगमहल और संभावित दौरे के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। न्यायमूर्ति सूर्यकांत के आगमने से पहले स्पाइसजेट का एक विशेष विमान भी जैसलमेर पहुंचा, जिसमें देशभर के विभिन्न उच्च न्यायालयों के करीब 18 से अधिक मुख्य न्यायाधीश और वरिष्ठ न्यायाधीश आए। हवाई अड्डे से सभी न्यायाधीशें का काफिला सीधे होटल रंगमहल की ओर रवाना हुआ, जहां सम्मेलन के लिए पूर्ण तैयारियां की गई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार जैसलमेर में 13 और 14 दिसम्बर को न्यायिक सम्मेलन होगा। इस सम्मेलन में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के अलावा उच्चतम न्यायालय के कई वरिष्ठ न्यायमूर्ति शामिल होंगे। कार्यक्रम का मुख्य विषय ' एडवांस रूल ऑफ लॉ थ्रू टेक्नोलॉजी: चैलेंज एंड अपॉर्चुनिटी' रखा गया है।

सम्मेलन में न्यायिक प्रणाली में तकनीक के बढ़ते उपयोग, न्यायिक सुधार, डिजिटल केस मैनेजमेंट, ई-कोर्ट्स, वर्चुअल हियरिंग और कृत्रिम बुद्धमत्ता जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित