तिरुवनंतपुरम , अप्रैल 10 -- केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने आदर्श चुनाव आचार संहिता (एमसीसी) लागू होने के दौरान सचिवालय में ई-ऑफिस प्रणाली को निलंबित करने के राज्य आईटी विभाग के फैसले पर चिंता जताते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी को पत्र लिखा है।
श्री सतीशन ने अपने पत्र में इस कदम को 'संदिग्ध' बताया और इस बात पर जोर दिया कि सचिवालय राज्य का प्रशासनिक केंद्र है।
उन्होंने प्रणाली को बंद करने के समय पर सवाल उठाया, क्योंकि यह चुनाव की उस अवधि के दौरान किया जा रहा है, जब शासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सख्त दिशा-निर्देश लागू होते हैं।
आईटी विभाग की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, वर्जन अपग्रेड का हवाला देते हुए ई-ऑफिस प्रणाली 10 अप्रैल की रात 10 बजे से 15 अप्रैल की सुबह 10 बजे तक बंद रहेगी। हालांकि, विपक्ष ने जल्दबाजी में लिये गये फैसले पर संदेह जताया है कि क्या यह आचार संहिता की अवधि के दौरान महत्वपूर्ण फाइलों को बदलने या हटाने की कोशिशों से जुड़ा हो सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित