तेहरान , मार्च 17 -- ईरान में नए साल (नौरोज़) के आगमन से ठीक पहले मनाए जाने वाले पारंपरिक अग्नि उत्सव 'चहारशंबे सूरी' को लेकर इस बार भारी तनाव की स्थिति बनी हुई है। ईरानी प्रशासन ने नागरिकों को चेतावनी जारी करते हुए इस साल किसी भी प्रकार ऐसे त्योहार को मनाने पर रोक लगा दी है जिसमें लोग एक जगह जमा होकर नाचते गाते हैं।
'चहारशंबे सूरी' पर्व फारसी कैलेंडर के अंतिम मंगलवार की रात को मनाया जाने वाला एक प्राचीन उत्सव है। इसमें लोग अलाव जलाकर उसके ऊपर से गुजरते हैं और कूदते हैं, जिसे शुद्धि और नवीनीकरण का प्रतीक माना जाता है। आधुनिक समय में यह उत्सव आतिशबाजी और दावतों के रूप में तब्दील हो गया है, जो वसंत के आगमन और नौरोज़ की खुशी का संकेत देता है।
ईरानी रेड क्रिसेंट, दमकल विभाग और आपातकालीन सेवाओं के जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया है कि मौजूदा युद्ध की स्थिति और सार्वजनिक सुरक्षा को देखते हुए लोगों को सड़कों पर नहीं उतरना चाहिए। प्रशासन का तर्क है कि इस समय चिकित्सा प्रणाली और आपातकालीन संसाधनों को सुरक्षित रखना अनिवार्य है ताकि उन पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।
स्वतंत्र पर्यवेक्षकों और विपक्षी नेताओं का मानना है कि उत्सव पर यह रोक सुरक्षा के लिए नहीं, बल्कि असंतोष को दबाने के लिए लगाई गई है। जनवरी में हुए देशव्यापी सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बाद शासन डरा हुआ है। कई प्रांतीय अधिकारियों ने इस उत्सव को "राष्ट्रीय व्यवस्था और सुरक्षा के लिए खतरा" करार दिया है। अधिकारियों का दावा है कि "दुश्मन" इस तरह की भीड़ का फायदा उठाकर अशांति फैला सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित