, April 4 -- मॉस्को, 04 अप्रैल (स्पूतनिक) ब्रिटेन में रूस के राजदूत एंड्रे केलिन ने कहा है कि ईरान के खिलाफ अमेरिका और इज़रायल की आक्रामक कार्रवाई के पीछे आंशिक रूप से लंदन की नीतियां जिम्मेदार हैं।
श्री केलिन ने रूस की समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती से बातचीत में कहा, "दरअसल, ईरान और पूरे क्षेत्रमें हुई दुखद घटनाएं कई मायनों में लंदन की नीतियों का परिणाम हैं, जिसने वॉशिंगटन में ईरान-विरोधी 'हॉक्स' का साथ दिया और संयुक्त व्यापक कार्य योजना (जेसीपीओए) के पतन में योगदान दिया। "रूस के राजदूत ने यह भी आरोप लगाया कि ब्रिटेन ईरान की जवाबी कार्रवाई की आलोचना करता है, लेकिन ईरानी नागरिकों के खिलाफ कथित युद्ध अपराधों की निंदा नहीं करता।
उन्होंने कहा, "पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष ने एक बार फिर लंदन के इस रवैये को उजागर किया है। ब्रिटेन की सरकार यह दिखावा करती है, कि उसे यह नजर नहीं आता कि संघर्ष की शुरुआत किसने की और किसने आक्रामक कदम उठाये। वे ईरान की जवाबी कार्रवाई की आलोचना करते हैं, जैसे कि उसने ही पहले हमला किया हो। वहीं, ईरानी नागरिकों के खिलाफ युद्ध अपराध-जिसमें बच्चों की हत्या भी शामिल है, उन्हें नजर नहीं आते।"उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इज़रायल ने तेहरान सहित ईरान के कई ठिकानों पर हमले किये, जिससे बहुत नुकसान हुआ और नागरिक हताहत हुए। इसके जवाब में ईरान ने इज़रायल के क्षेत्र और पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित