मुंबई , मार्च 25 -- ईरान शांति वार्ता की उम्मीद में घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही।

विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों और कच्चे तेल में पांच प्रतिशत की नरमी से बाजार में लिवाली का जोर रहा। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,205 अंक (1.63 प्रतिशत) चढ़कर 75,273.45 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 394.05 अंक यानी 1.72 प्रतिशत ऊपर 23,306.45 अंक पर बंद हुआ।

पिछले कारोबारी दिवस पर भी दोनों प्रमुख सूचकांक 1.8 प्रतिशत के आसपास चढ़े थे।

मझौली और छोटी कंपनियों में निवेशकों ने ज्यादा विश्वास दिखाया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.07 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.59 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।

टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, ऑटो, वित्त, बैंकिंग, धातु, फार्मा, रियलटी, स्वास्थ्य और रसायन समूहों के सूचकांक दो फीसदी से अधिक चढ़े। तेल एवं गैस, मीडिया और आईटी समूहों में भी तेजी रही।

एनएसई में जिन 3,366 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 2,423 के शेयर बढ़त में और 852 के गिरावट में रहे। अन्य 91 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।

सेंसेक्स की कंपनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 4.12 प्रतिशत मजबूत में 3.50, इंडिगो में 3.46, ट्रेंट में 3.33, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 3.14 और टाटा स्टील में 3.01 प्रतिशत की तेजी रही। भारतीय स्टेट बैंक का शेयर 2.89 फीसदी, एक्सिस बैंक का 2.55, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 2.46, बजाज फिनसर्व का 2.44, एशियन पेंट्स का 2.41, सनफार्मा का 2.40, अडानी पोर्ट्स का 2.32 और एचडीएफसी बैंक का 2.16 प्रतिशत चढ़ गया।

मारुति सुजुकी का शेयर 1.90 फीसदी, इटरनल का 1.79, भारती एयरटेल का 1.76, आईटीसी का 1.56 और कोटक महिंद्रा बैंक का 1.13 प्रतिशत की तेजी में रहा। एनटीपीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी ऊपर बंद हुए।

टेक महिंद्रा में 1.66 प्रतिशत और पावर ग्रिड में 1.37 प्रतिशत टूट गया। टीसीएस का शेयर भी नीचे बंद हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित