तेहरान , फरवरी 22 -- ईरान ने यूरोपीय संघ के सभी सदस्य देशों की नौसेनाओं और वायु सेनाओं को आतंकी संगठन घोषित कर दिया है।

ईरानी विदेश मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा कि यह कदम यूरोपीय संघ द्वारा हाल ही में ईरान के 'इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स' (आईआरजीसी) को आतंकी संगठन घोषित करने के 'अवैध और अनुचित' फैसले के जवाब में उठाया गया है।

बयान में कहा गया है कि यूरोपीय संघ का यह फैसला संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतर्राष्ट्रीय कानून के मौलिक सिद्धांतों और नियमों के विपरीत है।'इसमें कहा गया कि ईरानी सरकार ने 2019 के एक कानून के तहत यह जवाबी कार्रवाई की है। इस कानून के अनुसार, वे सभी देश जो किसी भी तरह से आईआरजीसी को आतंकी संगठन घोषित करने के अमेरिका के फैसले का पालन या समर्थन करते हैं, उनके खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।

यूरोपीय संघ की परिषद ने पिछले महीने विदेश मंत्रियों के बीच हुए एक राजनीतिक समझौते के बाद गुरुवार को औपचारिक रूप से आईआरजीसी को आतंकी सूची में शामिल कर लिया था।

इस सूची में शामिल होने के बाद यूरोपीय संघ के आतंकवाद विरोधी प्रतिबंध लागू हो जाते हैं, जिसमें यूरोपीय संघ के सदस्य देशों में घोषित संगठन के धन, अन्य वित्तीय संपत्ति या आर्थिक संसाधनों को 'फ्रीज' करना शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित