तेहरान , जनवरी 24 -- ईरान के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को हालिया अशांति के दौरान मानवाधिकार उल्लंघनों को लेकर ईरानी शासन की आलोचना करने वाले यूरोपीय संसद के प्रस्ताव की कड़ी निंदा करते हुए उसे 'हस्तक्षेपकारी और गैर-जिम्मेदार' करार दिया।

यूरोपीय संसद ने गुरुवार को ईरानी जनता के प्रति 'पूर्ण एकजुटता' व्यक्त करते हुए ईरान सरकार पर मानवाधिकार उल्लंघनों का आरोप लगाया था और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) को आतंकवादी संगठन घोषित किये जाने का आह्वान किया था।

ईरान की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह प्रस्ताव 'झूठे और गलत' दावों पर आधारित है और इसमें नैतिक आधार का अभाव है। बयान में यूरोपीय संघ द्वारा ईरान पर लगाये गये प्रतिबंधों के समर्थन, अमेरिकी अवैध प्रतिबंधों के पालन और इज़रायल के साथ कथित सैन्य कार्रवाइयों में मिलीभगत का हवाला दिया गया।

ईरान ने कहा, " क्रूर प्रतिबंधों का समर्थन करने, ईरान पर अमेरिका के अवैध प्रतिबंधों का पालन करने और जून में देश के खिलाफ सैन्य आक्रामकता में इज़रायल की कथित भूमिका के साथ खड़े रहने के कारण यूरोपीय संसद को मानवाधिकारों पर उपदेश देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।"बयान में कहा गया कि ईरान अपने नागरिकों की सुरक्षा, सार्वजनिक व्यवस्था और राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा के लिए बाध्य है तथा किसी भी आतंकवादी कृत्य या विदेशी हस्तक्षेप के खिलाफ आवश्यक कदम उठाएगा। ईरान ने चेतावनी दी कि उसकी सशस्त्र और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ किसी भी 'अवैध और हस्तक्षेपकारी' निर्णय या रुख के जवाब में वह प्रतिकारात्मक कार्रवाई करेगा।

गौरतलब है कि 28 दिसंबर को ईरान के कई शहरों में रियाल मुद्रा के तेज अवमूल्यन के विरोध में प्रदर्शन शुरू हुए थे। ईरानी सरकार ने आर्थिक शिकायतों के समाधान की इच्छा जतायी थी, लेकिन हिंसा, तोड़फोड़ और अशांति के खिलाफ चेतावनी भी दी थी। प्रारंभ में शांतिपूर्ण रहे ये प्रदर्शन धीरे-धीरे हिंसक हो गये, जिनमें जान-माल का नुकसान हुआ और सार्वजनिक संपत्तियों, मस्जिदों, सरकारी इमारतों और बैंकों को क्षति पहुंची। विशेष रूप से 8-9 जनवरी की घटनाओं के लिये तेहरान ने अमेरिका और इज़रायल को जिम्मेदार ठहराया है।

इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा कि ईरान पर करीबी नजर रखी जा रही है और उसके परमाणु कार्यक्रम को लेकर बढ़ते तनाव के बीच खाड़ी क्षेत्र में एक 'विशाल नौसैनिक बेड़ा' तैनात किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित