श्रीनगर , मार्च 14 -- जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को ईरान के समर्थन में सामने आए कश्मीर के लोगों की सराहना की और विरोध प्रदर्शनों के दौरान हिरासत में लिए गए युवाओं की रिहाई की मांग की।

सुश्री मुफ्ती ने श्रीनगर में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पूर्व विधायकों की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद पत्रकारों से कहा कि पार्टी ने चल रहे संकट के बीच ईरान की जनता के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए प्रस्ताव पारित किया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों ने ईरान के समर्थन में खड़े होकर अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने लोगों से रमजान के आखिरी दिनों में ईरान के लोगों के लिए विशेष दुआ करने की भी अपील की।

पीडीपी प्रमुख ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल से अपील की कि ईरान संकट को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों और शोक सभाओं के दौरान हिरासत में लिए गए युवाओं को रिहा किया जाए। उन्होंने कहा कि ये प्रदर्शन शांतिपूर्ण थे।

सुश्री मुफ्ती ने कहा, "हमारा ईरान के साथ लंबे समय से ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध रहा है। मुश्किल समय में ईरान ने हमारा साथ दिया है। हमें गर्व है कि कश्मीर में इस्लाम ईरान के जरिए आया। पिछले कुछ दिनों में कश्मीर के लोगों ने शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। सैकड़ों युवाओं को हिरासत में लिया गया, जिनमें से कुछ अभी भी जेल में हैं। मैं उपराज्यपाल से अनुरोध करती हूं कि उन्हें जल्द से जल्द रिहा किया जाए।"उन्होंने कहा कि कश्मीर का ईरान के साथ भावनात्मक जुड़ाव है और युवाओं को लंबे समय तक हिरासत में रखना सही नहीं है। उनके अनुसार कुछ युवाओं को रिहा किया गया है, लेकिन कई अब भी जेल में हैं और उन्हें जल्द मुक्त किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित