वॉशिंगटन/तेहरान , मार्च 27 -- अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि यदि ईरान अंतरराष्ट्रीय जहाजों की आवाजाही पर से समुद्री नाकेबंदी हटा लेता है तो हॉर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों का आवागमन बहुत जल्द शुरू हो सकता है। विदेश विभाग के अनुसार, श्री रुबियो ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा कि अगर ईरान वैश्विक नौवहनों को धमकाना बंद कर दे तो इसे कल ही खोला जा सकता है। इस समुद्री गलियारे में बड़े व्यवधान के कारण वैश्विक स्तर पर तेल और गैस की आपूर्ति में भारी बाधा उत्पन्न हुई है, जिससे ऊर्जा क्षेत्र में कीमतें आसमान छू रही हैं। उन्होंने हालांकि इस बात पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि क्या अमेरिका यातायात बहाल करने के लिए जमीनी सैन्य कार्रवाई पर विचार कर सकता है।

हॉर्मुज जलडमरूमध्य से सामान्यतः वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है, लेकिन 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से यह मार्ग गंभीर रूप से बाधित है। इस कारण ऊर्जा बाजारों में आपूर्ति कम हो गयी है और कीमतों में भारी अस्थिरता देखी जा रही है। यह संकट तब और गहरा गया जब अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से तेहरान सहित ईरानी ठिकानों पर समन्वित हमले किये, जिसमें ईरान के शीर्ष नेतृत्व का एक बड़ा हिस्सा मारा गया। जवाबी कार्रवाई में ईरान के 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स' (आईआरजीसी) ने इजरायली क्षेत्र के साथ-साथ बहरीन, जॉर्डन, इराक, कतर, कुवैत, यूएई और सऊदी अरब में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किये।

ईरान ने तब से अमेरिका और उसके सहयोगियों से जुड़े जहाजों के लिए हॉर्मुज मार्ग को प्रतिबंधित कर दिया है और इस दौरान पारगमन की कोशिश करने वाले कई टैंकरों को निशाना बनाने की खबरें भी आयी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित