तेहरान , मार्च 25 -- ईरान ने अमेरिका के साथ तत्काल किसी भी प्रकार की बातचीत से इनकार करते हुए कहा है कि वार्ता तभी संभव है जब वह ईरान की इच्छा के अनुरूप होगी और अमेरिका ईरानी लोगों के प्रति किसी भी प्रकार के शत्रुतापूर्ण इरादे को पूरी तरह से त्याग देगा।
ईरान के खातम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल इब्राहिम जोल्फागरी ने बुधवार को एक कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जब तक अमेरिका अपनी आक्रामक सोच को नहीं त्याग देता तब तक सामान्य स्थिति बहाल नहीं हो पाएगी।
तसनीम समाचार एजेंसी के अनुसार, उन्होंने कहा, "जब तक हमारी इच्छा नहीं होगी तब तक कुछ भी सामान्य नहीं होगा। हमारा पहला और आखिरी शब्द यही था, है और रहेगा। हम जैसे लोग आप जैसे लोगों के साथ कभी बातचीत नहीं करेंगे।"ये टिप्पणियां उन खबरों के बीच आई हैं जिनमें कहा गया है कि अमेरिका ने ईरान को मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष को कम करने के उद्देश्य से 15 सूत्री प्रस्ताव पेश किया है, जिसका असर अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर पड़ने लगा है। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में अज्ञात अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी गई है।
अमेरिकी और इजरायली सेनाओं द्वारा 28 फरवरी को तेहरान सहित पूरे ईरान में कई ठिकानों पर हमले किए जाने के बाद से अमेरिका और ईरान के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। इन हमलों में भारी नुकसान हुआ और नागरिक हताहत हुए। ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल और क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित