मुंबई , मार्च 16 -- ईरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध के कारण तेल की संभावित कमी की चिंताओं के बीच, महाराष्ट्र के खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने सोमवार को विधान परिषद को आश्वासन दिया कि राज्य में लिक्विड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) और पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

उन्होंने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। श्री भुजबल ने कहा कि राज्य सरकार ने पूरे महाराष्ट्र में एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं। घरेलू गैस की मांग पूरी होने के बाद, बची हुई आपूर्ति को जिला प्रशासन के माध्यम से वितरित करने को प्राथमिकता दी गयी है।

उन्होंने सदन को यह भी बताया कि केरोसिन वितरण की व्यवस्था के बारे में उच्च न्यायालय को सूचित कर दिया गया है। मंत्री ने कहा कि मूंगफली और सूरजमुखी तेल सहित खाने के तेलों की कीमतों में बढ़ोतरी देखी गयी है, जिसमें मूंगफली तेल की कीमत में छह रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है।

यह बताते हुए कि गैस की आपूर्ति केन्द्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आती है, श्री भुजबल ने कहा कि एलपीजी और पीएनजी के पर्याप्त भंडार उपलब्ध हैं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे घबराकर खरीदारी न करें या लंबी कतारें न लगाएं। उन्होंने कालाबाजारी के खिलाफ चेतावनी दी। स्थिति पर नज़र रखने के लिए जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों वाली समितियां गठित की गयी हैं।

श्री भुजबल ने कहा, "अब तक, अधिकारियों ने 2,029 निरीक्षण किए हैं और 1,208 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। साथ ही 33.66 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है। कुल 23 मामले दर्ज किए गए हैं और 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।"उन्होंने कहा कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 852.50 रुपए से बढ़कर 912.50 रुपए हो गयी है, जबकि कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 1,720.50 रुपये से बढ़कर 1,835 रुपये हो गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित