तेहरान , फरवरी 27 -- ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची और मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलत्ती ने जिनेवा में हुई ईरान-अमेरिका के बीच अप्रत्यक्ष परमाणु वार्ता के ताजा दौर के बारे में फोन पर चर्चा की।ईरान के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
दोनों नेताओं ने ईरान-अमेरिका परमाणु वार्ता में हुए घटनाक्रम और व्यापक क्षेत्रीय मुद्दों की समीक्षा की। श्री अराघची ने श्री अब्देलत्ती को गुरुवार को संपन्न तीसरे दौर की प्रगति से अवगत कराया और कूटनीतिक समाधान के प्रति तेहरान की प्रतिबद्धता दोहराई।
श्री अराघची ने कहा कि वार्ता की सफलता "अमेरिका की गंभीरता और यथार्थवादी रुख" पर निर्भर करेगी। उन्होंने "गलत आकलन या अत्यधिक मांगों" से बचने की चेतावनी भी दी। इस महीने मस्कट और जिनेवा में हुए पहले दौर के बाद यह तीसरा चरण था। ये प्रयास ऐसे समय हो रहे हैं जब क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ है और पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी में इजाफा देखा गया है।
श्री अराघची ने शुक्रवार तड़के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में तीसरे दौर को अब तक का "सबसे गहन" बताया और कहा कि "अतिरिक्त प्रगति" हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने प्रतिबंधों में राहत और परमाणु कदमों सहित प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत चर्चा जारी रखने पर सहमति जताई है।
इस बीच, मिस्र के विदेश मंत्रालय ने कहा कि श्री अब्देलत्ती ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के प्रमुख राफेल ग्रॉसी से भी अलग से फोन पर बातचीत की। उन्होंने कूटनीतिक प्रयासों के समर्थन को दोहराते हुए सैन्य तनाव से बचने के लिए समझौते की आवश्यकता पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित