, April 14 -- तेहरान, 14 अप्रैल (स्पुतनिक/वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पोप की आलोचना करने के बाद ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने पोप लियो चौदहवें का बचाव किया है। उन्होंने यह कहा कि ईसा मसीह का अपमान अस्वीकार्य है।
पोप ने ईरान में अमेरिकी कार्रवाइयों की आलोचना की थी। विशेष रूप से, उन्होंने ईरानी लोगों के विरुद्ध अमेरिकी धमकियों को अस्वीकार्य बताया था। अप्रैल की शुरुआत में, अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ द्वारा सैन्य कर्मियों के लिये प्रार्थना के आह्वान के बाद पोप ने एक प्रवचन में कहा था कि प्रभुत्व जमाने की इच्छा ईसा मसीह के मार्ग के अनुरूप नहीं है।
श्री पेजेशकियान ने 'एक्स' पर कहा, "परम पावन पोप लियो चौदहवें, मैं ईरान के महान राष्ट्र की ओर से आपके प्रति किये गये अपमान की निंदा करता हूं और यह घोषित करता हूं कि शांति और भाईचारे के पैगंबर ईसा मसीह का अपमान किसी भी व्यक्ति को स्वीकार्य नहीं है। मैं अल्लाह से आपके गौरव की कामना करता हूं।" बदले में, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि पोप का अपमान न केवल "ईसाई धर्म के विरुद्ध" है, बल्कि शांति, न्याय और मानवता की जिम्मेदारीपूर्ण वकालत करने पर "बड़ा हमला" भी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित