येरेवन , मई 04 -- यूरोपीय संघ(ईयू) और ब्रिटेन के नेताओं ने सोमवार को यहां आयोजित 'यूरोपीय राजनीतिक समुदाय' (ईपीसी) शिखर सम्मेलन में सुरक्षा, नवाचार और यूक्रेन के प्रति समर्थन को लेकर सहयोग बढ़ाने की योजनाओं पर जोर दिया।
दोनों पक्षों ने 'उपभोक्ताओं, व्यवसायों और सामूहिक यूरोपीय सुरक्षा के हितों को साधने के लिए' ईयू-ब्रिटेन संबंधों को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी।
शिखर सम्मेलन में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के बीच हुई बातचीत के बाद संयुक्त बयान जारी किया गया। इस बयान में नेताओं ने यूक्रेन के लिए यूरोपीय संघ की 90 अरब यूरो (10,064 अरब रूपये) की ऋण सुविधा में शामिल होने के ब्रिटेन के इरादे का स्वागत किया और इसे रक्षा औद्योगिक सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बयान में यूक्रेन के लोगों के लिए 'अटूट समर्थन' पर जोर दिया गया और जारी संघर्ष के बीच उनके लचीलेपन और साहस की प्रशंसा की गयी। दोनों नेता 'यूरोपीय नवाचार परिषद कोष' (ईसीआई फंड) में ब्रिटेन की भागीदारी पर बातचीत शुरू करने के लिए भी सहमत हुए। इसमें 'स्केलअप यूरोप फंड' भी शामिल है। इसका उद्देश्य तेजी से बढ़ती टेक्नोलॉजी कंपनियों को सहायता प्रदान करना और शीर्ष नवाचारकों को यूरोप के भीतर बनाये रखना है।
आगामी ईयू-ब्रिटेन शिखर सम्मेलन के मद्देनजर नेताओं ने पारस्परिक लाभ प्राप्त करने के लिए एक महत्वाकांक्षी एजेंडे के महत्व पर जोर दिया।
यह बयान ऐसे समय में आया है, जब यूरोपीय नेता आर्मेनिया में दो अभूतपूर्व शिखर सम्मेलनों के लिए एकत्रित हुए हैं। ऐतिहासिक रूप से आर्मेनिया को रूस के करीबी साझेदार के रूप में देखा जाता रहा है। तीस लाख से भी कम आबादी वाला आर्मेनिया अब भी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के 'यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन' का सदस्य है और अपनी धरती पर एक रूसी सैन्य अड्डे की मेजबानी करता है।
शिखर सम्मेलन में कनाडा के प्रधानमंत्री के साथ-साथ 30 से अधिक यूरोपीय नेताओं ने हिस्सा लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित