मथुरा , फरवरी 06 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में स्थित रिफाइनरी टाउनशिप में अज्ञात चोरों ने एक वरिष्ठ अधिकारी के आवास को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात व कीमती सामान चोरी कर लिया।
घटना एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर (ईडी) के बंगले के निकट स्थित सीजीएम सुधांशु कुमार के आवास की है, जिससे टाउनशिप की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। पुलिस के अनुसार बंगला नंबर 9/2 में रहने वाले सीजीएम सुधांशु कुमार परिवार सहित कोलकाता में एक समारोह में गए थे। घर सूना पाकर गुरुवार देर रात चोरों ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे आभूषण व अन्य कीमती सामान समेट कर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने ताला टूटा देखा तो घटना की जानकारी हुई।
रिफाइनरी टाउनशिप की सुरक्षा की जिम्मेदारी डीजीआर के 100 से अधिक सुरक्षा कर्मियों पर है। संवेदनशील माने जाने वाले क्षेत्र में चोरी की इस वारदात के बाद अधिकारियों व कर्मचारियों में चिंता का माहौल है। टाउनशिप में सुरक्षा व्यवस्था पर हर वर्ष करोड़ों रुपये व्यय किए जाते हैं।
थाना रिफाइनरी पुलिस ने सुरक्षा गार्ड अशोक कुमार की तहरीर पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अजय कौशल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित