नयी दिल्ली , फरवरी 25 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड के बैंक धोखाधड़ी मामले में उद्योग हस्ती अनिल अंबानी की पाली हिल में 3,716.83 करोड़ रुपये की आवासीय संपत्ति कुर्क कर ली है।

ईडी के सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। इससे पहले इस संपत्ति का 473.17 करोड़ रुपये का हिस्सा कुर्क किया गया था। ग्रुप में अब तक कुर्क की गई संपत्ति की कुल कीमत 15,700 करोड़ रुपये ज़्यादा हो गई है।

ईडी मेसर्स रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड , अनिल अंबानी और अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केंद्रीय जांच ब्यूरो(सीबीआई) की प्राथमिकी के आधार पर जांच शुरू की थी। रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड और उसकी ग्रुप कंपनियों ने घरेलू और विदेशी लेंडर्स से लोन लिया, जिसमें से कुल 40,185 करोड़ रुपये बकाया हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित