नयी दिल्ली , फरवरी 04 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक पोंज़ी स्कीम से जुड़े मामले में 4.07 करोड़ रुपए के साथ क्राउन क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी के चार बैंक खाते कुर्क किये हैं।

निदेशालय के जालंधर ज़ोनल कार्यालय ने बुधवार को बताया कि यह मामला क्राउन क्रेडिट के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जगजीत सिंह और उनके सहयोगियों से जुड़ा हुआ है। उन पर आरोप है कि उन्होंने ज्यादा ब्याज का झूठा लालच देकर पंजाब के लोगों को अपना पैसा सोसाइटी में जमा करने के लिए प्रेरित किया।

ईडी ने अपनी जांच कई प्राथमिकियों के आधार पर शुरू की, जो क्राउन क्रेडिट के खिलाफ पंजाब पुलिस के समक्ष दर्ज करवाई गयी थीं। ईडी की पड़ताल में खुलासा हुआ कि क्राउन क्रेडिट सोसाइटी, उसके अध्यक्ष जगजीत सिंह, उपाध्यक्ष गुरमीत कौर और उसके एजेंटो ने लोगों के साथ धोखाधड़ी की। निवेशकों के पैसे को बाद में निजी कार्यों के लिए इस्तेमाल किया गया। नये निवेशकों की जमा की गयी धनराशि को पुराने निवेशकों के खातों में जमा किया गया और इसी तरह इस धोखाधड़ी का दायरा फैलता गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित