नयी दिल्ली , अप्रैल 15 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक्सेल व्हीकल्स प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशकों से जुड़े मामले में आरोप-पत्र दाखिल किया है। ईडी के भोपाल ज़ोनल कार्यालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।

ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि धन शोधन मामले की जांच सीबीआई, भ्रष्टाचार-विरोधी ब्यूरो, भोपाल ने कंपनी और उसके निदेशकों के खिलाफ दर्ज की गयी एक प्राथमिकी के आधार पर शुरू की गयी थी। इस प्राथमिकी में उन पर कथित तौर पर बैंक ऑफ़ इंडिया के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप था, जिससे बैंक को लगभग 42 करोड़ रुपये का गलत नुकसान हुआ।

इसके बाद, सीबीआई ने 2022 में इंदौर के विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीबीआई मामले) के समक्ष एक आरोपपत्र दायर किया। पीएमएलए जांच के दौरान, 2024 में एक तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें 109.90 लाख रुपये की नकदी और गहने ज़ब्त किए गये। आगे की जांच में पता चला कि कंपनी ने गिरवी रखी गयी संपत्तियों में से एक पर कोटक महिंद्रा बैंक के पहले के चार्ज को छिपाकर और गिरवी रखी गयी संपत्तियों के बारे में गलत जानकारी देकर, बैंक ऑफ़ इंडिया से लगभग 42 करोड़ रुपये की क्रेडिट सुविधा हासिल की थी।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि कंपनी के कैश क्रेडिट खातों से बड़ी रकम को बिना किसी सही कारोबारी वजह के, अलग-अलग सिस्टर कंसर्न और संबंधित संस्थाओं को ट्रांसफर कर दिया और निकाल लिया । इससे यह संकेत मिलता है कि पैसों की हेराफेरी की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित