कोलकाता , अप्रैल 09 -- मुकुल चौधरी (नाबाद 54 ) और आयुष बदोनी (54) की आतिशी पारियों की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 15वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को तीन विकेट से शिकस्त दी। यह टूर्नामेंट में लखनऊ सुपर जायंट्स की लगातार दूसरी जीत है।

125 रन पर छह विकेट गंवा चुकी लखनऊ के लिए मुकुल चौधरी संकटमोचन बनकर आये। उन्होंने 27 गेंदों में दो चौके और सात छक्के उड़ाते हुए नाबाद 54 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम का स्कोर सात विकेट पर 182 रन कर तीन विकेट से जीत दिला दी।

182 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए मिचेल मार्श और एडन मारक्रम की सलामी जोड़ी पहले विकेट लिए 41 रन जोड़े। पांचवें ओवर में वैभव अरोड़ा ने एडन मारक्रम 15 गेंदों में (22) और मिचेल मार्श ( 15) को आउट कर केकेआर को दोहरी सफलता दिलाई। इसके बाद कप्तान ऋषभ पंत और आयुष बदोनी ने पारी को संभालने का प्रयास किया। नौवें ओवर में कमरन ग्रीन ने ऋषभ पंत (10) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। निकोलस पूरन (13), अब्दुल समद (दो) रन बनाकर आउट हुए। 15वें ओवर में अनुकूल राय ने आयुष बदोनी को आउट कर लखनऊ सुपर जायंट्स को बड़ा झटका दिया। आयुष बदोनी ने 34 गेंदों में सात चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 54 रनों की पारी खेली। अगले ही ओवर में सुनील नारायण ने मोहम्मद शमी का शिकार कर लिया। इसके बाद मुकुल ने अकेले दोनों छोरो से तूफानी बल्लेबाजी करते हुए छ्क्को की झड़ी लगा दी। उन्होंने मैच की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपनी टीम को जीत दिलाई।

केकेआर के लिए वैभव अरोड़ा और अनुकूल राॅय ने दो-दो विकेट लिये। सुनील नारायण, कार्तिक त्यागी और कमरन ग्रीन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां अंगकृष रघुवंशी (45), कप्तान अजिंक्या रहाणे (41), रोवमन पॉवेल (नाबाद 39 ) और ( कैमरन ग्रीन (नाबाद 32) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ चार विकेट पर 181 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित